9 फरवरी से देवता श्री बाडुबाड़ा कांगरीधार की पावन रथ यात्रा, छह माह के प्रवास पर निकलेंगे देवता

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपतहसील दाड़लाघाट की ग्राम पंचायत चाखड़ स्थित देवता बाडुबाड़ा विकास समिति कांगरीधार द्वारा आयोजित देवता श्री बाडुबाड़ा कांगरीधार की पावन रथ यात्रा 9 फरवरी 2026 को आरंभ होगी। इस दिन देवता जी रथ में विराजमान होकर अपने भक्तों एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लगभग छह महीनों के प्रवास पर निकलेंगे।

इस लंबे प्रवास के दौरान देवता बाडुबाड़ा सोलन जिला सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धालुओं की मानताओं के अनुरूप उनके घरों में जात्रा करेंगे तथा लोगों को सुख-समृद्धि एवं निरोगी जीवन का शुभ आशीर्वाद प्रदान करेंगे।


मंदिर कमेटी के सचिव परस राम ठाकुर ने बताया कि सत श्री बाडुबाड़ा कांगरीधार वाले देवता के प्रति जिला भर के लोगों में अटूट आस्था और गहरी श्रद्धा है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि देवता उनके मन की मुराद अवश्य पूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि यह संभवतः ऐसे एकमात्र देवता हैं जिनका प्रवास इतना लंबा चलता है।

उन्होंने यह भी बताया कि कई बार श्रद्धालुओं को अपने घर देवता की जात्रा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद देवता की जात्राओं और उनके प्रति लोगों की श्रद्धा व आस्था में कोई कमी नहीं आई है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page