ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंज्याट में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या रीता कश्यप ने की।

कार्यक्रम के दौरान किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार ने विद्यार्थियों को किशोरों के समग्र विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह प्रमुख घटकों—पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशा निवारण और लिंग आधारित हिंसा—पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही संतुलित आहार अपनाने, तनाव प्रबंधन के उपाय करने, मोबाइल फोन का सीमित व सकारात्मक उपयोग करने, मादक पदार्थों से दूर रहने तथा जंक और फास्ट फूड से बचने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर कनिष्ठ वर्ग के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और वरिष्ठ वर्ग के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएचओ मनीषा आजाद, आशा कार्यकर्ता रजनी शर्मा, रमा शर्मा, हेमलता और ममता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक मेहर चंद, प्रेमलाल, पूनम, वंदना, सुमित, प्रदीप, योगराज, सावित्री सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।





