ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लडोग में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यालय के 56 विद्यार्थियों और 3 अध्यापकों ने भाग लिया। शैक्षिक यात्रा जिला सोलन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चायल के लिए आयोजित की गई।

विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्डा के नेतृत्व में यह शैक्षिक दल प्रातः विद्यालय परिसर से चायल के लिए रवाना हुआ। भ्रमण प्रभारी यशपाल (टीजीटी नॉन-मेडिकल) के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन किया गया। उनके साथ सरोज कुमारी (टीजीटी मेडिकल) और सुभाष चंद (टीजीटी आर्ट्स) ने विद्यार्थियों की देखरेख और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अश्वनी खड्ड, चायल तथा मोहन हेरिटेज का भ्रमण किया। इन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखकर विद्यार्थियों को भौगोलिक, पर्यावरणीय और ऐतिहासिक जानकारी प्राप्त हुई। इससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और सामूहिकता की भावना को बल मिला।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्राकृतिक, भौगोलिक और सामाजिक परिवेश का प्रत्यक्ष अनुभव कराना रहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।



