ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से परामर्श एवं दिशा-निर्देश प्राप्त करने के उपरांत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जयनगर मंडल के अध्यक्ष जुगल किशोर ने नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। जानकारी देते हुए जुगल किशोर ने बताया कि संगठन का यह पुनर्गठन युवाओं को पार्टी के सिद्धांतों, संगठन के आदर्शों और सेवा भाव से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।A
घोषित कार्यकारिणी में अजय ठाकुर, मुकेश, हरीश शर्मा और देवी लाल को मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंडल महामंत्री का दायित्व वीरेंद्र कुमार और अश्वनी को सौंपा गया है, जबकि संजीव कुमार को कार्यालय सचिव बनाया गया है। सचिव पद पर अनिल, सुनील, नीरज ठाकुर और विशाल शर्मा की नियुक्ति हुई है। नंद लाल को कोषाध्यक्ष, नीरज को आईटी संयोजक तथा धर्मदत्त को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में साहिल कुमार, सुनील कुमार, प्रकाश ठाकुर, गौरव ठाकुर, अनिल (रजीना), मनीष कौंडल और अनिल (फागी) शामिल हैं।

जुगल किशोर ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी पार्टी के मूल्यों और नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि युवा मोर्चा समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।

जुगल किशोर ने समस्त नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जयनगर मंडल का हर कार्यकर्ता भाजपा की विचारधारा और सेवा के भाव को लेकर सदैव अग्रसर रहेगा।




