दैनिक हिमाचल न्यूज ब्यूरो– आदेशक गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के सौजन्य से मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में शालाघाट के कोटली खेल मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गृह रक्षा स्वयंसेवकों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वॉलीबॉल तथा बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 50 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और गृह रक्षा के जवान शामिल हुए। यह प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गईं।

इस मौके पर ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान यशपाल कश्यप, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राम प्रकाश रावत और वार्ड सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेलों और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालना तथा टीम वर्क और शांति पूर्ण समाज को बढ़ावा देना था। साथ ही इस अवसर पर हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान भी किया गया।


