ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की नगर पंचायत द्वारा वार्ड नंबर 7 में निर्मित पार्क के निर्माण में योगदान देने के लिए अंबा शर्मा का नगर में भव्य अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में मानव कल्याण समिति व महिलाओं के स्वयं सहायता समूह द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि अंबा शर्मा का अर्की से गहरा लगाव है और उन्होंने बच्चों के लिए पार्क निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग दिया। इसके अलावा, उन्होंने अर्की अस्पताल और गौ सदन जलाणा के लिए भी धनराशि प्रदान की थी। नगर पंचायत ने शर्मा से अर्की के विभिन्न वार्डों में सोलर लाइटें और अन्य पार्कों के निर्माण की भी मांग रखी।

अपने संबोधन में अंबा शर्मा ने बताया कि अर्की उनकी जन्मस्थली है और उनका यहां से गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि उनके पिता बाघल स्टेट पुलिस में इंस्पेक्टर थे और एक असाइनमेंट के लिए बीकानेर से अर्की आए थे। बाद में उनका तबादला सोलन हो गया, जिससे अंबा शर्मा को अर्की आने का अवसर नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व अर्की के विधायक संजय अवस्थी से मुलाकात के बाद उन्होंने विभिन्न संस्थाओं से संपर्क किया और क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सहयोग देने का निर्णय लिया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत, मानव कल्याण समिति, गौ रक्षक सभा और अन्य संस्थाओं की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
इस कार्यक्रम में नगर पंचायत के पार्षद, सचिव, कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



