सभी घायल श्रद्धालु स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे, सोलन प्रशासन ने सुनिश्चित किया उपचार


उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी ज़िला प्रशासन के साथ निरंतर सम्पर्क में सोलन ज़िला प्रशासन

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- महाकुम्भ में स्नान के लिए सोलन ज़िला के अर्की उपमण्डल के दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन सोलन उत्तर प्रदेश के ज़िला कौशाम्बी के प्रशासन के साथ निरंतर सम्पर्क में है तथा घायलों की समयबद्ध चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित बनाई जा रही है।


अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने इस दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज़िला प्रशासन को उचित स्तर पर सम्पर्क स्थापित कर सभी घायलों को त्वरित उपचार एवं राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वह निरंतर ज़िला प्रशासन कौशाम्बी के सम्पर्क में हैं और घायलों की उचित सहायता के लिए हर स्तर पर समन्वय स्थापित कर रहे हैं ताकि घायलों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।  


उन्होंने घायलों के परिजनो से आग्रह किया कि धैर्य बनाए रखें। प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर संवेदनशील है और सभी घायलों के समुचित उपचार का प्रबंध किया गया है।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित किए जा रहे महाकुम्भ में भाग लेने के लिए सोलन ज़िला के अर्की उपमण्डल से निजी बस के माध्यम से जा रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटना ग्रस्त होने का समाचार प्राप्त हुआ था।
उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में कौशाम्बी ज़िला के सिराथू के उपमण्डलाधिकारी से सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्घटना में कुल 31 व्यक्तियों के घायल होने का समाचार है। घायलों में 06 व्यक्तियों को अधिक चोट लगने तथा एक व्यक्ति के गम्भीर रूप से घायल होने की सूचना है।
दुर्घटना में अर्की उपमण्डल के धार ब्राहमणा के 75 वर्षीय तुलसी राम शर्मा के गम्भीर रूप से घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। वह सघन चिकित्सा इकाई में उपचाराधीन हैं।
उपायुक्त ने कहा कि 14 घायल व्यक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराथू तथा 10 घायल व्यक्ति ज़िला अस्पताल कौशाम्बी में उपचाराधीन हैं।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला प्रशासन सोलन इस सम्बन्ध में ज़िला प्रशासन कौशाम्बी के साथ निरंतर सम्पर्क में है और सभी घायलों का समुचित उपचार व देखभाल सुनिश्चित बनाई जा रही है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page