ब्यूरो//दैनिक हिमाचल न्यूज़:-
अर्की,प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 राजीव सैजल अर्की विधानसभा क्षेत्र में 10 दिनों में अपने दो दौरे कर चुके है लेकिन उन्होंने यहाँ के स्वास्थ्य केंद्रों की सुध नहीं ली । यह बात विधायक संजय अवस्थी ने आज अर्की में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कही । उन्होंने कहा कि 2 जून को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा घनागुघाट में जिस पीएचसी का शिलान्यास किया गया उसके भवन निर्माण हेतु जनवरी माह में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्य चर्चा के दौरान इसके लिए विधायक की प्राथमिकता पर राशि स्वीकृत करवाई थी । इसके साथ ही पीएचसी बागा को भी राशि स्वीकृत करवाई गई है ।

अवस्थी ने कहा कि घनागुघाट में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा आनन फानन में पीएचसी का शिलान्यास किया गया लेकिन स्थानीय विधायक होने के नाते उन्हें निमंत्रण नहीं दिया गया । यह भाजपा की संकुचित सोच व लोकतंत्र की हत्या है । उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों,कालेजों सहित विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के साथ भवनों की कमी चल रही है । लेकिन सरकार से बार बार आग्रह के बावजूद भी इन ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है ।

अर्की अस्पताल में करीब आधा दर्जन डॉक्टरों की कमी है । दाड़लाघाट में बना स्वास्थ्य केन्द्र शुरू होने की राह देख रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा अर्की दौरे के दौरान की गई अटल आदर्श स्कूल कुनिहार व बीडीओ कार्यालय दाड़लाघाट की घोषणा अभी तक धरातल में नहीं उतरी है । विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सरकार के मंत्री भी जब भी अर्की विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आते है तो वह घोषणाएं कर जाते है लेकिन उन्हें पूरा करना भूल जाते है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागो के अधिकारी भाजपा के नेताओं के इशारों पर दवाब में आकर कार्य कर रहे, उनका वह रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रहे है ।

इन दिनों अर्की क्षेत्र के कई गांव में पानी की किल्लत चली हुई है इसको लेकर विभाग को चाहिए कि वह पानी का टैंकर लगाकर लोगो को सुविधा प्रदान करे । इस मौके ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप,नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता,पूर्व शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन अमर चन्द पाल,पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष ऋषिदेव शर्मा व यूथ कांग्रेस अर्की के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त वर्मा भी मौजूद रहे ।

