
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) ग्राम पंचायत सूरजपुर के अंतर्गत वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते पिछले साल नवंबर 2021 में पंचायत प्रधान द्वारा 8 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया गया था। जिसके बाद 22 नवंबर को स्थानीय विधायक संजय अवस्थी तथा उपमंडलाधिकारी अर्की शहजाद आलम द्वारा उन मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन देकर धरने को समाप्त करवाया गया था। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थानीय विधायक की अध्यक्षता में उपमंडलाधिकारी की उपस्थिति में एक बैठक की गई तथा इन मूलभूत सुविधाओं जिसमें मुख्य पिपलुघाट चौक पर वर्षा शालिका का निर्माण,पार्किंग तथा शौचालय निर्माण जैसी मूलभूत सुविधाओं को लोगों को उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की गई थी।जल शक्ति विभाग द्वारा पंचायत के अंतर्गत पेयजल समस्या से ग्रसित गांव में पेयजल उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया था।लेकिन इतने समय बाद भी लोगों की इन मूलभूत सुविधाओं पर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है।पंचायत प्रधान ओम प्रकाश शर्मा ने बताया की मांगो को लेकर वो लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग के कई चक्कर लगा चुके हैं,परंतु इन मांगों को लेकर विभागों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है पंचायत प्रधान ने बताया कि वो इन मांगों को लेकर कई चक्कर एसडीएम अर्की तथा डीसी ऑफिस सोलन के भी लगा चुके हैं।प्रशासन तथा विभाग द्वारा इन मांगों की अनदेखी के चलते उन्होने प्रशासन तथा संबंधित विभागों को एक स्मरण पत्र भी सौंपा है।परंतु आज तक लगभग 6 महीनों का समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन व विभागों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।पंचायत प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा है की 1 मई 2022 को विभागों के खिलाफ इन मांगों की अनदेखी के चलते धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है।अगर विभागों द्वारा मूलभूत मांगों का 15 दिनों के भीतर पूरा नहीं किया तो यह धरना प्रदर्शन आने वाले समय में आंदोलन का रूप लेगा।

