ब्यूरो//दैनिक हिमाचल न्यूज़:-
अर्की,विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत देवरा को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत बेहतर कार्य करने को लेकर सम्मानित किया गया है । ज़िला मुख्यालय सोलन में उपायुक्त कृतिका कुलहरी की अध्यक्षता में ज़िला स्तरीय प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना फेस-2 की बैठक आयोजित हुई थी ।

जिसमें उपायुक्त सोलन ने देवरा पंचायत के प्रधान रूप सिंह ठाकुर को आदर्श ग्राम योजना के तहत बेहतर कार्य करने को लेकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । प्रधान रूप सिंह ठाकुर ने इस सम्मान के लिए उपायुक्त सोलन का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान देवरा पंचायत के लिए हर्ष का विषय है । उन्होंने कहा कि यह सम्मान पंचायत के हर व्यक्ति के सहयोग व उनके सहयोगी प्रतिनिधियों के प्रयास से सम्भव हो पाया है जिसके लिए वह सभी का आभार भी व्यक्त करते है ।


गौरतलब है कि कुनिहार ब्लॉक की देवरा पंचायत के गांव मंज्याट को आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित किया गया है । जिसमें फेस-1 के अंतर्गत अभी तक स्वच्छता व हर घर तक सपंर्क रास्ते के निर्माण को लेकर बेहतर कार्य किए गए है । वहीं अब फेस-2 के तहत इस गांव में हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना व सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने को लेकर कार्य किया जाएगा । देवरा पंचायत को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत मिले सम्मान के लिए पूर्व बीडीसी सदस्य राकेश कुमार,पूर्व प्रधान अंजना ठाकुर,पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय पंचायत वासियों ने पँचायत प्रधान रूप सिंह ठाकुर व उनकी पूरी टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी है ।

