ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से वन्यजीव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वन विभाग कुनिहार डिवीजन के डिप्टी रेंजर संजीव कुमार, फॉरेस्ट गार्ड रीता दास सहित विभिन्न बीटों से वन मित्र उपस्थित रहे। वन मित्र अर्जुन ने विद्यार्थियों को वन्यजीव दिवस मनाने के उद्देश्य तथा वन्यजीवों के संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के लायन इको क्लब के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पेंटिंग के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति प्रेम का संदेश दिया। प्रतियोगिता में पूर्णिमा चौधरी ने प्रथम, माही तंवर ने द्वितीय तथा मानसी चोपड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने डिप्टी रेंजर संजीव कुमार और फॉरेस्ट गार्ड रीता दास को स्मृति चिन्ह एवं मफलर भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी, पुरुषोत्तम लाल, शिवानी शर्मा, अमर देव सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों को फल एवं जूस वितरित किया गया।


