नगर पंचायत अर्की की बैठक में विकास कार्यों को लेकर कई अहम फैसले

नगर पंचायत भवन के टेंडर से लेकर सड़कों, पार्क, शौचालय, स्ट्रीट लाइट और पार्किंग व्यवस्था पर बनी सहमति।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगर पंचायत अर्की की बैठक अध्यक्ष सीमा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न विकासात्मक जरूरतों और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की जानकारी नगर पंचायत सचिव अभिनव शर्मा ने दी।
बैठक में नगर पंचायत के भवन निर्माण के लिए टेंडर निकालने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही आईटीआई अर्की के आसपास झाड़ियों की कटाई, 35 इलेक्ट्रिक स्ट्रीट लाइटें खरीदने तथा आईटीआई को जाने वाले मार्ग की मरम्मत करवाने पर सहमति बनी। बारा सड़क को पक्का करने तथा वार्ड नंबर-7 में मीरा के घर तक सड़क की प्रोपोजल सावित्री के घर की ओर से निकालने का भी निर्णय लिया गया।

वार्ड नंबर-6 में पुराने बस स्टैंड के समीप शौचालय के पास रास्ते की मरम्मत करवाने तथा शौचालय को दूसरी जगह स्थानांतरित कर वहां दुकानें बनाने का फैसला लिया गया। वार्ड नंबर-5 में नजमा के घर के पास डंगा लगाने और वार्ड नंबर-7 में लक्ष्य वाले के घर से रास्ते की मरम्मत करवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
वार्ड नंबर-3 में हवाघर के समीप शौचालय बनाने तथा वार्ड नंबर-1 में राजमहल सड़क पर पार्क विकसित करने पर भी चर्चा हुई। विश्राम गृह के समीप नालियों को अंडरग्राउंड करने का निर्णय लिया गया। वहीं वार्ड नंबर-1 और 3 में बच्चों के लिए झूले लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में पुराने कोर्ट परिसर तथा साथ लगती हिमाचल पथ परिवहन निगम की भूमि को नगर पंचायत को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। वार्ड नंबर-4 स्थित पार्किंग में पिकअप वाहन खड़े करने पर 900 रुपये तथा 100 रुपये तहबाजारी लेने का निर्णय लिया गया।
पुराने बस स्टैंड से अस्पताल तक नाली के ऊपर बने रास्ते की मरम्मत करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखने का फैसला लिया गया। वहीं शहर में बच्चों के खेलने के लिए उद्यान विभाग की नर्सरी वाली जगह को नगर पंचायत के नाम स्थानांतरित करवाने के विषय पर भी चर्चा हुई।


बैठक में सायर मेले के दौरान छोटी-बड़ी दुकानों के आकार एवं श्रेणी के अनुसार तहबाजारी की रसीद काटने का निर्णय लिया गया। साथ ही अधिक कूड़ा एकत्र करने वालों को नोटिस जारी करने पर भी सहमति बनी।
शहर में सड़क किनारे स्थित मकानों के मालिकों को येलो लाइन के अंदर वाहन खड़ा करने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया। वहीं शादी समारोह में किन्नर समाज को बधाई के रूप में केवल 1100 रुपये देने पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों को एक माह के भीतर पूरा करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। निर्धारित अवधि में आवश्यक शर्तें पूरी न करने वाले लाभार्थियों से योजना के तहत जारी राशि वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत ने शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए विधायक संजय अवस्थी को समाधान के लिए ज्ञापन देने का भी निर्णय लिया। विभिन्न स्थानों पर डंगे लगाने और अन्य रास्तों की मरम्मत करवाने संबंधी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष वीना ठाकुर, पार्षद अनुज गुप्ता, रंजना कालिया, प्रदीप शर्मा, देवेंद्र कुमार सहित अन्य पार्षद एवं नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page