युवा सर्वेश शर्मा ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश के युवा तकनीकी प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हमीरपुर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के छात्र सर्वेश शर्मा को भारतीय सेना के लिए स्वदेशी ड्रोन तकनीक विकसित करने की उपलब्धि पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सम्मानित किया। सर्वेश शर्मा ने भारतीय सेना के लिए स्वदेशी ‘रुद्र एज टी-1 (स्पेक्ट्रा)’ ड्रोन विकसित किया है, जिसके लिए उन्हें रक्षा मंत्रालय से 3.5 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है।

राज्यपाल ने सर्वेश शर्मा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, नवाचार की भावना और तकनीकी क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने स्वदेशी रक्षा तकनीक के विकास में योगदान के लिए सर्वेश शर्मा के समर्पण, दूरदर्शिता और दृढ़ता की प्रशंसा की।

राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करती हैं और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं के विकास के प्रयासों को गति देती हैं। उन्होंने सर्वेश शर्मा से संवाद कर ड्रोन की प्रमुख विशेषताओं, इसके विकास के दौरान सामने आई चुनौतियों और इस परियोजना को शुरू करने की प्रेरणा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ड्रोन तकनीक को भविष्य में और अत्याधुनिक बनाने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
राज्यपाल ने प्रदेश के युवाओं से सर्वेश शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार तलाशने तक सीमित न रहकर रोजगार प्रदाता बनने का लक्ष्य भी निर्धारित करना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में अपना योगदान देना चाहिए।
राज्यपाल ने सर्वेश शर्मा को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके भविष्य के प्रयासों की सफलता की कामना की। इस अवसर पर उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर तथा पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह भी उपस्थित रहे।


