बखालग के पूर्व सैनिक नायक सोहन लाल का निधन, पूर्व सैनिक लीग अर्की व 14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर ने दी श्रद्धांजलि।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बखालग निवासी पूर्व सैनिक नायक सोहन लाल का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। नायक सोहन लाल ने भारतीय सेना की सिग्नल कोर में वर्ष 1971 से 1988 तक 17 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्ति ली थी।


सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका पूर्व सैनिकों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ाव बना रहा। वह पूर्व सैनिक लीग अर्की के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे तथा पूर्व सैनिकों के हितों से संबंधित कार्यों में अपनी सहभागिता निभाते रहे। उनके निधन से पूर्व सैनिक समुदाय ने एक सक्रिय, मिलनसार और सहयोगी साथी खो दिया है।

निधन की सूचना मिलते ही पूर्व सैनिक लीग अर्की के चेयरमैन कैप्टन पदम देव ठाकुर सहित अन्य पूर्व सैनिक उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने पार्थिव शरीर पर तिरंगा और रीथ अर्पित कर सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। इसके बाद पूर्व सैनिक अंतिम यात्रा में श्मशान घाट तक साथ चले और सैन्य परंपरा के अनुरूप अपने साथी को अंतिम विदाई दी।


नायक सोहन लाल के निधन पर कमांडेंट14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर सुबाथू की तरफ से नायब सूबेदार सुरेश तथा जवान दीपक छेत्री ने पार्थिव शरीर पर रीथ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गोरखा रेजिमेंट की ओर से दिवंगत पूर्व सैनिक की देश सेवा को याद करते हुए उन्हें सम्मान दिया गया।

इस दौरान पूर्व सैनिक लीग के उपाध्यक्ष बलदेव सहगल सहित भूपाल सिंह, मस्त राम वर्मा, बद्री सिंह, गोपाल पाठक, धर्मचंद पाल, बाबू राम सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे। सभी ने परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
कैप्टन पदम देव ठाकुर ने कहा कि नायक सोहन लाल ने भारतीय सेना में निष्ठापूर्वक देश की सेवा की और सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक लीग से लगातार जुड़े रहे। उनके निधन से लीग ने अपना एक समर्पित और मिलनसार साथी खो दिया है। उनकी सेवाओं और सरल स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा।

अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व सैनिकों ने सैन्य परंपरा का निर्वहन करते हुए सलामी दी। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page