ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में शनिवार को अध्यापक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़ी विशिष्ट हस्तियों ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।

समारोह में सेवानिवृत्त केंद्र मुख्याध्यापिका बिमला शर्मा, सेवानिवृत्त केंद्र मुख्याध्यापिका तुलसी गुप्ता, सेवानिवृत्त प्रवक्ता हिंदी जयंती शर्मा तथा सेवानिवृत्त स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी रेखा गुप्ता उपस्थित रहीं। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा एवं समस्त स्टाफ ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मीरा कौशल ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करने तथा महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुआ।

इस दौरान विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं ने स्वागत गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद हिमाचली नाटी, भांगड़ा, गिद्दा, भजन, भाषण एवं लघु नाटिका के माध्यम से गुरु की महिमा और शिक्षक-शिष्य के पवित्र संबंध को प्रस्तुत किया। सदन प्रभारी शिवानी शर्मा ने बताया कि अध्यापक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा एवं मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने सभी विशिष्ट अतिथियों को हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। गोपाल शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अध्यापक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं गैर-अध्यापक कर्मचारियों को भी भेंट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीटीए सदस्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए मिष्ठान की व्यवस्था की गई। समारोह ने विद्यालय में गुरु-शिष्य के सम्मान, संस्कार और समर्पण की भावना को और मजबूत किया।


