ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल अकैडमिक स्कूल बाह्वां में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भूपेंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्यातिथि भूपेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य और समाज के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। भारत में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को महान शिक्षाविद् एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के एमडी रूप राम शर्मा ने मुख्यातिथि भूपेंद्र गुप्ता का विद्यालय में पधारने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह ने गुरु-शिष्य के प्रेम, सम्मान और विश्वास की भावना को और मजबूत किया।


