शिमला से कोठी-जमोगी-दधोगी बस रूट पर अव्यवस्था, आए दिन बस खराब होने से यात्री परेशान।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- शिमला से कोठी-जमोगी होते हुए दधोगी जाने वाले बस रूट पर पिछले कुछ दिनों से बस सेवा प्रभावित होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार 20 अगस्त 2026 से इस रूट पर बसों की व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रूट पर कई बार ऐसी बसें भेजी जा रही हैं, जो पहले से ही अच्छी स्थिति में नहीं होतीं। सफर के दौरान बसों में तकनीकी खराबी आने से वे बीच रास्ते में खड़ी हो जाती हैं, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने कहा कि समस्या केवल सड़क की स्थिति से जुड़ी नहीं है, बल्कि बसों की हालत और उनके रखरखाव पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। उनका कहना है कि यदि बसों की समय-समय पर जांच और मरम्मत की जाए तो बीच रास्ते में बस खराब होने की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

दधोगी पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा,पंचायत समिति सदस्य सागर शर्मा, पंचायत के वार्ड सदस्य,युवक मंडल दधोगी के प्रधान अमित कुमार शर्मा सहित स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से इस मामले में शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि शिमला-कोठी जमोगी-दधोगी रूट पर बेहतर हालत वाली बसें उपलब्ध करवाई जाएं और बसों की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को बार-बार होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page