ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत चिंतामणि शर्मा करीब 19 वर्ष 8 माह की सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। ग्राम पंचायत जमरोटी के बजीवन गांव निवासी चिंतामणि शर्मा ने अपने सेवाकाल के दौरान सिविल अस्पताल अर्की और सायरी अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भूमती में सेवाएं देने पहुंचे, जहां से सेवानिवृत्त हुए।

चिंतामणि शर्मा अपने सेवाकाल के दौरान समय की पाबंदी, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते रहे। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भूमती में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर पीएचसी भूमती में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने चिंतामणि शर्मा की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने चिंतामणि शर्मा के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

इस दौरान फार्मासिस्ट सुंदर सिंह, लैब टेक्नीशियन मौसम सिंह, सुपरवाइजर निशा ठाकुर तथा चतुर्थ श्रेणी यूनियन ब्लॉक अर्की के अध्यक्ष तिलक ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। तिलक ठाकुर ने चिंतामणि शर्मा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि लंबे सेवाकाल में उन्होंने अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाए। सहकर्मियों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सहयोगपूर्ण रहा और उनकी सेवाओं को विभाग में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

इस अवसर पर विभाग के अन्य कर्मचारी, चिंतामणि शर्मा के परिवार के सदस्य तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने उन्हें सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



