34वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन शुक्रवार को 34वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जोश, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ जारी रहा। आंदोलन के 34वें दिन जिला शिमला के पीटीएफ ब्लॉक सुन्नी के पदाधिकारियों ने अनशन में भाग लेकर शिक्षकों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।


पीटीएफ ब्लॉक सुन्नी के अध्यक्ष नितिन हिमराल, महासचिव देवेंद्र शर्मा, राज्य कार्यकारिणी के प्रेस सचिव रोशन वर्मा एवं नारायण हिमराल तथा ब्लॉक सुन्नी के खंड सह-सचिव नरेंद्र भंडारी और अशोक वर्मा ने क्रमिक अनशन में भाग लिया। पदाधिकारियों ने सरकार से शिक्षकों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।


संघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक शिक्षक पूरी निष्ठा और ताकत के साथ इस आंदोलन में भाग ले रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन कर अपनी मांगें सरकार के समक्ष रख रहा है।


उन्होंने बताया कि 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिक्षक शिमला पहुंचे थे। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान शिमला में विशाल धरना आयोजित किया गया, जिसके बाद क्रमिक अनशन शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।


संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 26 जुलाई को धरना स्थल पर पहुंचकर शिक्षकों को आश्वासन दिया था कि न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली की अधिसूचना वापस ली जाएगी तथा अन्य मांगों को भी 5 सितंबर तक पूरा किया जाएगा। संघ को मुख्यमंत्री के आश्वासन पर विश्वास है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 5 सितंबर तक शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन के विभिन्न स्वरूप देखने को मिलेंगे। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि शिक्षकों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त करवाने की दिशा में कदम उठाए जाएं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page