ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल की ग्राम पंचायत बलेरा के झुंडला गांव निवासी हेमंत गौतम का सीबीएसई के तहत इतिहास प्रवक्ता पद पर चयन हुआ है। चयन प्रक्रिया में हेमंत गौतम ने पूरे हिमाचल प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

हेमंत गौतम के पिता चंद्रमणि गौतम शिक्षा विभाग में भाषा अध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े पारिवारिक माहौल के बीच हेमंत ने भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास किया। मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

हेमंत का शिक्षा का सफर ग्राम पंचायत भूमती से भी जुड़ा रहा है। उनका ननिहाल भूमती में है, जहां से उन्होंने 11वीं और 12वीं कक्षा की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने दसवीं कक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घड़ियाच से तथा पांचवीं कक्षा तक की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला झुंडला से प्राप्त की।
इसके बाद हेमंत ने राजकीय महाविद्यालय अर्की से बीएससी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद इतिहास प्रवक्ता पद की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेते हुए उन्होंने हिमाचल प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।

सूरजपुर वार्ड से जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने हेमंत गौतम को इतिहास प्रवक्ता पद पर चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ग्राम पंचायत भूमती के उपप्रधान विनय शर्मा ने भी हेमंत को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हेमंत गौतम के चयन पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


