ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू (ब्यूली) गांव निवासी तथा भारतीय सेना की जैक राइफल्स के पूर्व सैनिक नायक रविंद्र शर्मा को सैन्य परंपराओं के अनुरूप अंतिम विदाई दी गई। उनके पार्थिव शरीर पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) अर्पित कर पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

इस अवसर पर 14 जीटीसी सुबाथू के कमांडेंट की ओर से सूबेदार सूरज कुमल, नायक तोप बहादुर सारू तथा नायक मनोज बराल विशेष रूप से उपस्थित हुए। सेना के जवानों ने पार्थिव शरीर पर तिरंगा अर्पित कर पुष्पचक्र चढ़ाया तथा सैन्य सम्मान के साथ दिवंगत नायक रविंद्र शर्मा को अंतिम विदाई दी।

पूर्व सैनिक लीग अर्की की ओर से अध्यक्ष कैप्टन पदमदेव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेमचंद चौहान, वरिष्ठ सदस्य कैप्टन रूपराम चौहान, सचिव सूबेदार भूपाल सिंह, उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर बलदेव सहगल, सूबेदार दलीप, सूबेदार नरपत राम चौहान, हवलदार हेमराज शर्मा, नायक विनोद पाठक, नायक उदय सिंह, हवलदार जितेंद्र सिंह, हवलदार गोपाल पाठक, नायक परसराम ठाकुर, हवलदार नरेंद्र कुमार, हवलदार ताराचंद तथा हवलदार देवेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। लीग के पदाधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत सैनिक की देशसेवा को याद किया।

नायक रविंद्र शर्मा ने भारतीय सेना की जैक राइफल्स में करीब 18 वर्षों तक देश की सेवा की और वर्ष 2016 में नायक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने पैतृक गांव मांजू में रह रहे थे।

पूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना के प्रतीक होते हैं। देश की सुरक्षा के लिए दी गई उनकी सेवाएं सदैव याद रखी जाएंगी। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

अंतिम संस्कार के दौरान पलोग पंचायत के पूर्व प्रधान योगेश चौहान, नरेंद्र कुमार, अर्की व सोलन से पहुंचे अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। नायक रविंद्र शर्मा के पुत्र ने नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी। नायक रविंद्र शर्मा अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, वृद्ध माता-पिता और छोटे भाई सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पूर्व सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

