ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में नवप्रवेशित प्रथम वर्ष (बी.ए. एवं बी.कॉम.) के विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11:00 बजे दीक्षारंभ (इंडक्शन प्रोग्राम) का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में औपचारिक स्वागत करने के साथ-साथ उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-पाठ्यचर्या एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से परिचित कराना है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के उद्देश्यों, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों की जानकारी देंगी। इसके अलावा महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, एंटी-रैगिंग नियमों, मेंटर-मेंटी व्यवस्था, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर एवं रेंजर, रेड रिबन क्लब, ईको क्लब तथा अन्य छात्र-केंद्रित गतिविधियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराएंगे।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि वे महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त कर अपने शैक्षणिक जीवन की एक सशक्त, सकारात्मक और प्रेरणादायक शुरुआत कर सकें





