पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में फायर मॉक ड्रिल व सीपीआर प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के दिए गुर

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी, अर्की में फायर मॉक ड्रिल एवं सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन फायर ऑफिसर अशोक कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय फायर ब्रिगेड टीम ने किया।


प्रशिक्षण के दौरान फायर ऑफिसर अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा अलग-अलग प्रकार की आग को बुझाने के लिए उपयोग किए जाने वाले अग्निशामक यंत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बिजली, गैस, रसोई तथा ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
फायर मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने, धुएं के बीच झुककर चलने तथा इमरजेंसी एग्जिट का सही उपयोग करने का अभ्यास करवाया गया। साथ ही अग्निशामक यंत्र के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीपीआर प्रशिक्षण रहा, जिसमें फायर ब्रिगेड टीम ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को हृदय गति रुकने अथवा दम घुटने जैसी आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर देने की सही विधि का प्रशिक्षण दिया। टीम ने बताया कि समय पर दी गई सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर, विद्यालय डिजास्टर मैनेजमेंट प्रभारी देवेंद्र कुमार (ड्राइंग मास्टर) सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें किसी भी आपदा की स्थिति में संयमित रहकर उचित निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने फायर विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page