ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल बाड़ीधार में जिला पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 से नया वेतनमान लागू होने के बावजूद पेंशनरों को अब तक वेतन संशोधन का एरियर नहीं मिला है।

उन्होंने जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक के बकाया एरियर के साथ 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता जल्द जारी करने की मांग की।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि कई पेंशनरों को लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन तथा अन्य वित्तीय देयों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से इन सभी बकाया राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि आत्मा राम शर्मा ने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए संयुक्त सलाहकार समिति (जेएसी) का गठन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

बैठक के दौरान मेडिकल प्रतिपूर्ति के लंबित बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए 212 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का स्वागत योग्य कदम है, लेकिन इसकी अधिसूचना अभी तक जारी नहीं हुई है। इसके कारण विभिन्न विभागों में पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान लंबित है।

बैठक के अंत में जिला पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ ने सरकार से मांग की कि लंबित एरियर, महंगाई भत्ता, मेडिकल प्रतिपूर्ति और अन्य वित्तीय देयों का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा पेंशनरों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।



