अर्की में कांग्रेस की बैठक, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को दी बधाई; जनसेवा और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़-  ब्लॉक कांग्रेस अर्की की बैठक वीरवार को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अर्की के विधायक संजय अवस्थी तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं अर्की विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी अनीता वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।


बैठक में विभिन्न पंचायतों से हाल ही में निर्वाचित कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्यों, प्रधानों, उपप्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विधायक संजय अवस्थी ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है तथा अर्की विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित होगा।


प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं अर्की विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी अनीता वर्मा ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह भी किया।


बैठक के उपरांत विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्र से आए लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।


बैठक में जिला विपणन एवं उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य कमलेश शर्मा, जगदीश ठाकुर, मोहन सिंह ठाकुर, संजय ठाकुर, रमेश ठाकुर, गुरदासु राम, अनुज गुप्ता, डीपी शर्मा, धर्मपाल कश्यप, राकेश चौहान, नरेश शर्मा, बीडीसी सदस्य परमानंद, देवकली गौतम, सीमा शर्मा, सुनीता गर्ग, उर्मिला ठाकुर, सरिता रानी, वनीता चौहान, मंजू, हेमलता, लीलादेवी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page