एनसीसी शिविर में घनागुघाट विद्यालय का दबदबा, विभिन्न प्रतियोगिताओं में हासिल किए प्रथम स्थान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के छात्र-छात्राओं ने चितकारा विश्वविद्यालय, बद्दी में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने खेलकूद, सैन्य कौशल, वाद-विवाद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।



विद्यालय के एनसीसी अधिकारी खेम राज तथा कला स्नातक रवि कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं खेल प्रतियोगिताओं में शारीरिक शिक्षा अध्यापक जोगिंदर कुमार और मदन लाल के प्रशिक्षण का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।


खो-खो छात्र वर्ग में यश, हितेश, अक्षय और राहुल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्रा वर्ग में सृष्टि, करिश्मा, नव्या, अंजलि और पूनम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सैन्य कौशल के अंतर्गत आयोजित फायरिंग फाइनल चयन प्रतियोगिता में कैडेट राशि ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।


सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शिक्षिकाओं सुनीता ठाकुर, बबीता तथा पुष्पेन्द्र कौशिक के मार्गदर्शन में छात्राओं जानवी और जागृति ने कथक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘जेंडर इक्वालिटी’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रा सृष्टि ने अपने प्रभावशाली और तार्किक विचारों के बल पर पहला स्थान हासिल किया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशिक्षण दल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के छात्रों ने खेल, सैन्य प्रशिक्षण, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया है कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के छात्र इसी प्रकार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page