ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- तहसील अर्की क्षेत्र की जनता की जीवनरेखा मानी जाने वाली ज्यूरीपतन से शिमला वाया जयनगर बस सेवा को बंद करने के सरकार के निर्णय का आम आदमी पार्टी कड़ा विरोध करती है। पार्टी प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंदेल ने कहा कि यह बस सेवा पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र की करीब 10 से 15 पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

इस बस सेवा के माध्यम से स्कूली व कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारी, बुजुर्ग एवं आम जनता अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण बस रूट को बंद करने का निर्णय जनता के हितों के साथ अन्याय है। चंदेल ने कहा कि सरकार को जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को तुरंत वापस लेना चाहिए। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा पहले ही सीमित है, ऐसे में वर्षों पुरानी बस सेवा को बंद करना ग्रामीण जनता की परेशानियों को बढ़ाने वाला कदम है।

आम आदमी पार्टी सरकार से तथा अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी जी से आग्रह करती है कि जनभावनाओं को समझते हुए इस बस सेवा को यथावत जारी रखा जाए।यदि सरकार द्वारा इस जनहित के रूट को पुनः शुरू नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर आने वाले समय में एक बड़ा आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार एवं स्थानीय विधायक की होगी।






