ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग, तहसील अर्की, जिला सोलन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)” रही, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

विद्यालय के प्रभारी यशपाल वर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसी योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन एकाग्र होता है तथा तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव संभव है।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के स्काउट एवं गाइड, इको क्लब के सदस्यों तथा अन्य विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस के आयोजन से विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।





