ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवियों द्वारा श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों, खरपतवार एवं अनावश्यक घास-फूस की सफाई कर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्रमदान के दौरान स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रम कार्य में भाग लेते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती है। उन्होंने कहा कि श्रमदान जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों से विद्यालय एवं समाज को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवियों को स्वास्थ्यवर्धक अल्पाहार भी वितरित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने एनएसएस इकाई द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं स्वच्छता आधारित कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।





