गरीब बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों के सम्मान और बेसहारा जीवों की सेवा को समर्पित है युवा शिक्षिका का जीवन।
डिंपल शर्मा.दैनिक हिमाचल न्यूज.धर्मपुर(मंडी)। आज के दौर में जहां अधिकांश युवा अपने करियर और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हैं, वहीं मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र की युवा शिक्षिका पल्लवी शर्मा समाज सेवा की मिसाल बनकर उभरी हैं। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों की सेवा तथा बेसहारा पशुओं के प्रति उनका समर्पण उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिला रहा है।

धर्मपुर ब्लॉक के लवनपुर (बरोटी) गांव की रहने वाली पल्लवी शर्मा वर्तमान में एक सामाजिक संस्था के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा प्रदान करने और उनके भविष्य को संवारने का कार्य कर रही हैं। वह मानती हैं कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो किसी भी बच्चे का जीवन बदल सकती है।

पल्लवी बताती हैं कि बचपन में दिल्ली बस अड्डे पर लाचार और भिक्षावृत्ति में लगे बच्चों को देखकर उनके मन में समाज सेवा का भाव जागृत हुआ। उसी दिन उन्होंने संकल्प लिया कि जीवन में कुछ ऐसा करेंगी जिससे जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके। इसके बाद उन्होंने अपनी पॉकेट मनी तक गरीब बच्चों की सहायता में खर्च करनी शुरू कर दी।

बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने शिक्षा को समाज सेवा का माध्यम बनाया। आज वह जरूरतमंद बच्चों को न केवल पढ़ा रही हैं बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे रही हैं। उनके प्रयासों से कई बच्चों को शिक्षा और मार्गदर्शन मिल रहा है।
पल्लवी शर्मा का सपना भविष्य में एक ऐसा संगठन स्थापित करने का है, जो आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मुफ्त शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा सके।

इसके साथ ही वह नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी कार्य करना चाहती हैं।
पल्लवी का मानना है कि हर बच्चे को शिक्षा और हर बुजुर्ग को सम्मान मिलना चाहिए। उनका कहना है कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि सेवा की सच्ची भावना की आवश्यकता होती है। उनकी यही सोच आज उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रही है।


