ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बसंतपुर में स्थानीय विद्यालय के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पारंपरिक दंगल का आयोजन किया गया। वर्ष 1992 से ग्राम सुधार सभा बसंतपुर द्वारा निरंतर आयोजित किए जा रहे इस दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के पहलवानों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दंगल के दौरान पहलवानों ने रोमांचक मुकाबलों और शानदार दांवपेंचों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। छोटी माली का मुकाबला लखनपुर के लक्की और नाहन के आर्यन के बीच हुआ, जिसमें लक्की ने जीत दर्ज की। विजेता लक्की को 4100 रुपये तथा उपविजेता आर्यन को 3500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

वहीं बड़ी माली का मुकाबला धामी के भूपेंद्र पहलवान और हरियाणा के राकेश पहलवान के मध्य खेला गया। कड़े संघर्ष के बाद भूपेंद्र ने जीत हासिल की। विजेता भूपेंद्र को 5100 रुपये तथा उपविजेता राकेश को 4500 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ग्राम सुधार सभा बसंतपुर के प्रधान संतराम तनवर, उपप्रधान शीशराम, महासचिव महेंद्र कुमार, ऑडिटर लेखराम पंवर, कोषाध्यक्ष हेतराम ठाकुर, हेमचंद, देवीचंद, मुंशीराम, बाबूराम, धनीराम, जयप्रकाश, जगदीश सहित बड़ी संख्या में पंचायतवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्राम सुधार सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि यह दंगल क्षेत्र की वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।




