ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – अर्की विधानसभा के अंतर्गत उपतहसील लोहारघाट में जनगणना हाउस लिस्टिंग कार्यक्रम को लेकर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 4 जून से 6 जून 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

नायब तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज ऑफिसर राजेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन जिला सोलन के फील्ड ट्रेनर शंकर देव शर्मा तथा सुरेश कुमार ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित जनगणना हाउस लिस्टिंग कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें फील्ड में कार्य करने की प्रक्रिया, आंकड़ों के संग्रहण, पारदर्शिता, जिम्मेदारी तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य निष्पादन के बारे में प्रशिक्षित किया गया। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजेंद्र ठाकुर ने प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसकी सफलता के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर जनगणना हाउस लिस्टिंग कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।





