ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सरयांज के समीप गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में दूध सप्लाई में लगी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार दो व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल अर्की पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन सरयांज क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कते हुए गहरी ढलान में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल अर्की भेजा गया।

घायलों की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

