ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की नगर के विभिन्न वार्डों के निवासियों ने बेसहारा पशुओं, विशेषकर आवारा बैलों के बढ़ते आतंक से परेशान होकर एसडीएम अर्की को एक ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र के माध्यम से प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में लावारिस बैलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये पशु सुबह-शाम सड़कों पर घूमते रहते हैं और स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
नागरिकों ने पत्र में उल्लेख किया है कि गत सप्ताह लगभग 80 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति पर बैल ने हमला कर दिया था, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उपचार करवाना पड़ा। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी ऐसे पशुओं के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आवारा बैलों के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं को शीघ्र गोसदन अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

नगर के विभिन्न वार्डों के करीब 33 लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय निवासियों ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।




