ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत देवरा में दो भाई विकास कार्यो को गति प्रदान करेंगे। दो सगे भाइयों पूर्व प्रधान रूप सिंह ठाकुर के बेटे अखिलेश ठाकुर व पूर्व उप प्रधान अमर सिंह ठाकुर के बेटे धीरज ठाकुर पर लोगों ने पंचायत चुनाव में अपना विश्वास जताया है।

अपने पहले चुनाव में अखिलेश ठाकुर देवरा वार्ड से पंचायत समिति सदस्य के रूप में बतौर उम्मीदवार उतरे। जिसमें उन्हें बातल व देवरा पंचायत से 994 वोट हासिल हुए। उन्होंने यह चुनाव 505 वोट से जीता। वहीं धीरज ठाकुर ने देवरा पंचायत से अपना पहला चुनाव बतौर उप प्रधान उम्मीदवार लड़ा,जिसमें उन्हें 540 वोट प्राप्त हुए। उनकी जीत का मार्जन 284 वोट रहा।

दोनों चचेरे भाईयों की जीत के पीछे उनके पिता द्वारा करवाए गए पंचायत में विकास कार्य व मधुर सम्बन्ध रहे। बता दे कि अखिलेश ठाकुर के पिता रूप सिंह ठाकुर वर्ष 2005-2010 व 2020-2025 तक देवरा पंचायत के प्रधान रहे। इसी दौरान धीरज ठाकुर के पिता अमर सिंह ठाकुर ने भी दो बार रूप सिंह ठाकुर के विरुद्ध प्रधान का चुनाव लड़ा था,लेकिन मामूली अंतर से दोनों बार हार गए।

अमर सिंह ठाकुर वर्ष 2010-2015 व 2015-2020 तक लगातार दो बार पंचायत के उप प्रधान के पद पर रहे। रूप सिंह ठाकुर व अमर सिंह ठाकुर राजनीतिक तौर पर हमेशा एक दूसरे के विरोधी रहे है। इस चुनाव में अपने बेटों को जिताने के लिए दोनो भाईयों ने एकजुटता का परिचय दिया,जिसकी वजह से वह सीट निकालने में कामयाब रहे। रूप सिंह ठाकुर व अमर सिंह ठाकुर के पिता स्वर्गीय बलिराम ठाकुर भी करीब तीन दशकों तक देवरा पंचायत का प्रतिनिधित्व कर चुके है। अब उनकी तीसरी पीढ़ी देवरा पंचायत के विकास कार्यो में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगी।

नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य अखिलेश ठाकुर ने कहा कि देवरा व बातल पंचायत के लोगों ने जो विश्वास उन पर जताया है उस पर वह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के विकास कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।

वहीं नवनिर्वाचित उप प्रधान धीरज ठाकुर ने कहा कि वेग देवरा पंचायत को एक आदर्श पंचायत बनाने के लिए कार्य को करेंगे। इसके साथ ही जो भी अधूरे कार्य रह गए है,उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।




