ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा भाविका कश्यप ने तहसील स्तर पर गायत्री परिवार द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक ज्ञान परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान छात्रा को धनराशि एवं सम्मान पदक देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसराज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संस्कृत अध्यापक कपिल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष इस परीक्षा का आयोजन करवाया जाता है, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कार, संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा देश-प्रदेश के ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस अवसर पर गायत्री परिवार के जिला संयोजक देवी रूप शर्मा तथा तहसील संयोजक लच्छीराम कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने छात्रा भाविका कश्यप को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


