ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय माध्यमिक पाठशाला माण्डी में वन विभाग द्वारा वनाग्नि से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान विभागीय टीम ने विद्यार्थियों को जंगलों में लगने वाली आग के कारणों, उससे होने वाले नुकसान तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में वन रक्षक शशिपाल व वन मित्र भर्ती से जुड़े कर्मचारियों ने प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के बच्चों को जागरूक करते हुए बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े वनाग्नि हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बच्चों को आग लगने की स्थिति में तुरंत सूचना देने तथा आग पर नियंत्रण पाने के प्राथमिक उपायों के बारे में भी अवगत कराया।

वन विभाग की टीम ने जंगलों में आग लगने के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे पर्यावरण, वन्यजीव और मानव जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। साथ ही विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर स्कूल के मुख्याध्यापक अजय गौतम, शास्त्री पूनम शर्मा, एचटी संजय देवी तथा जेबीटी अनुराधा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने वन विभाग का इस महत्वपूर्ण पहल के लिए आभार व्यक्त किया।




