दैनिक हिमाचल न्यूज: पुलिस थाना दाड़लाघाट में दर्ज एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 4.50 लाख रुपये के सामान की चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24-04-2026 को उत्तर प्रदेश निवासी जुबेर अंसारी, जो टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, डिवीजन अर्की में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, ने थाना दाड़लाघाट में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने बिजली बोर्ड से ट्रांसफार्मर, पोल व तार बिछाने का कार्य लिया हुआ है। कंपनी द्वारा यह कार्य दिलधार , निवासी जिला चंबा को सौंपा गया था।

शिकायत के अनुसार 10-04-2026 को कार्य के लिए उसे बेलचा, गैंती, हैमर, पुल्ली, चैन ब्लॉक, वायर ग्रिपर, स्पैनर, क्रिम्पिंग टूल, रस्सा तथा लगभग 5 किलोमीटर कंडक्टर ड्रम सहित अन्य सामान दिया गया था, जिसकी कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये थी। लेकिन 23-04-2026 को उक्त व्यक्ति सामान सहित गायब हो गया। फोन पर संपर्क करने के प्रयास भी असफल रहे, जिससे चोरी की आशंका जताई गई।

इस पर पुलिस थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल लोकेशन व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलधार (29 वर्ष) को 25-04-2026 को चंबा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी हुआ पूरा सामान बरामद कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है तथा मामले में आगामी कार्रवाई जारी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सोलन ने की है।


