ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज – लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन मन्जयाट (अर्की ) में “राष्ट्र निर्माण में युवा की भूमिका” विषय पर एक प्रेरणादायक युवा संगोष्ठी का आयोजन युवा संगोष्ठी आयोजन समिति के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सकारात्मक सोच का विकास करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एम्स बिलासपुर के सहायक प्रोफेसर डॉ. भुमेश ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए युवाओं की शक्ति और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. पी. एल. गुप्ता तथा लक्ष्य कान्वेंट स्कूल की प्राचार्य डॉ. कुसुम गुप्ता सहित संस्थान के समस्त स्टाफ सदस्य एवं प्रशिक्षु शिक्षक उपस्थित रहे। संगोष्ठी में प्रशिक्षु शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए और विषय पर सार्थक चर्चा की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य वक्ता एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।





