अर्की में विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलर डॉ. विजय शांडिल ने दी बचाव व उपचार की जानकारी


दैनिक हिमाचल न्यूज : अर्की क्षेत्र में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर सिविल अस्पताल अर्की द्वारा एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसके बचाव और समय पर उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा। यह आयोजन स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।


इस अवसर पर काउंसलर, सिविल अस्पताल अर्की डॉ. विजय कुमार शांडिल ने उपस्थित लोगों को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी और शरीर में दर्द शामिल हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाएं और चिकित्सकीय सलाह अनुसार उपचार लें।


डॉ. शांडिल ने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं, जैसे रात में मच्छरदानी का उपयोग, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना, मच्छर रोधी क्रीम का प्रयोग करना तथा घरों में नियमित रूप से कीटनाशक का छिड़काव करवाना। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी।


कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, जल स्रोतों को ढककर रखने तथा कूलर, गमलों और टंकियों में पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया। साथ ही मलेरिया संबंधी पंपलेट्स एवं जानकारी सामग्री भी वितरित की गई।
अंत में लोगों से अपील की गई कि वे इस जागरूकता संदेश को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से मलेरिया मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page