दैनिक हिमाचल न्यूज– राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में ‘बैग फ्री डे’ बड़े उत्साह और रचनात्मक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बिना स्कूल बैग के आने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे उन्हें पारंपरिक पढ़ाई के दबाव से हटकर कुछ नया और आनंददायक सीखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला, खेलकूद, संगीत, नृत्य, भाषण तथा समूह चर्चा जैसी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान, नैतिक शिक्षा और जीवन कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें सिखाईं।
विद्यालय के प्रभारी यश पाल वर्मा ने बताया कि ‘बैग फ्री डे’ का उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करना और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।

इसी अवसर पर विद्यालय में छात्र नेतृत्व का चयन भी किया गया, जिसमें अंशुल को हेड बॉय तथा कोमल को हेड गर्ल चुना गया। दोनों विद्यार्थियों ने अपने दायित्वों को निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सरोज कुमारी, पवन कुमार, सुभाष चंद, भूपेन्द्र कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।



