ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : विधानसभा क्षेत्र नादौन की नौहगी पंचायत के ग्राम समूह निवासी वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. ओम प्रकाश शर्मा को हिमाचल गौरव सम्मान के लिए चयनित किया गया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उन्हें यह सम्मान हिमाचल सरकार द्वारा 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

डॉ. ओ.पी. शर्मा का बचपन ग्राम समूह में ही व्यतीत हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा नजदीकी रैल हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद पंजाब विश्वविद्यालय से बीए, बीएड, एमए व एमएड तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की।
उनके परिवार में पत्नी प्रीत शर्मा शिक्षा विभाग से केंद्र मुख्य शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके पुत्र ई. राजेश शर्मा एनटीपीसी में उप महाप्रबंधक के पद पर रायबरेली में तैनात हैं, जबकि पुत्री सीमा शर्मा का विवाह हो चुका है और वह अपने पति ई. महिपाल शर्मा (महाप्रबंधक, टाटा प्रोजेक्ट्स) के साथ मुंबई में निवास कर रही हैं।

82 वर्षीय डॉ. शर्मा ने साहित्य लेखन, स्वतंत्रता आंदोलन, इतिहास एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने ‘वीर भूमि’, ‘देव भूमि’, ‘राष्ट्रीय चेतना’, ‘शिक्षा बोर्डों का अध्ययन’, ‘बाबा मेहरदास’, ‘संकटमोचन हनुमान मंदिर’, ‘स्वतंत्रता सेनानी पं. इंद्र पाल’, ‘क्रांतिकारी साहित्यकार यशपाल’, ‘म्हारी सोच’ तथा ‘समाज कल्याण’ जैसी अनेक रचनाएं की हैं और लगभग 50 वर्षों तक साहित्य सेवा में समर्पित रहे हैं।

भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय में जोनल निदेशक पद से सेवानिवृत्त डॉ. शर्मा एक श्रेष्ठ प्राचार्य, कवि एवं समाजसेवी के रूप में समाज में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उनकी रचना “देव भूमि” हिमाचल के मंदिरों का संकलन खासी लोकप्रिय है। उनके इस सम्मान से क्षेत्र में गर्व का माहौल है।




