अर्की में पेंशनर्स फेडरेशन की बैठक, बकाया भुगतान व चिकित्सा बिलों पर उठाई आवाज

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स फेडरेशन खंड अर्की की मासिक बैठक सामुदायिक भवन अर्की में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र गुप्ता ने की। प्रातः 11 बजे आरंभ हुई इस बैठक में संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया।


बैठक की जानकारी देते हुए खंड प्रेस सचिव रोशन लाल वर्मा ने बताया कि जिला प्रधान जयनंद शर्मा ने 30 मार्च 2026 को जॉइंट एक्शन कमेटी द्वारा शिमला में आयोजित किए गए विशाल सामूहिक धरने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस धरने में प्रदेशभर के सभी पेंशनर संगठनों के हजारों सदस्यों ने एकजुट होकर भाग लिया और सरकार को यह स्पष्ट संदेश दिया कि पेंशनरों के बकाया भुगतान में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पेंशनरों के पिछले लंबे समय से लंबित पड़े चिकित्सा बिलों को तुरंत जारी किया जाना चाहिए, ताकि वृद्ध पेंशनरों को राहत मिल सके।


जयनंद शर्मा ने सरकार से यह आग्रह भी किया कि जॉइंट एक्शन कमेटी की बैठक शीघ्र बुलाई जाए, ताकि पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हो सके और उनके समाधान हेतु ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि वृद्ध पेंशनरों की आर्थिक व स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को अनदेखा करना अनुचित है और सरकार को इनके हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहना चाहिए


बैठक के दौरान सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि भविष्य में जब भी संगठन किसी कार्यक्रम या आंदोलन का आह्वान करेगा, फेडरेशन की खंड अर्की इकाई पूर्ण तत्परता और सक्रियता के साथ उसमें भाग लेगी। उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी पेंशनर संगठन एकजुट होकर सरकार के तानाशाही एवं उपेक्षापूर्ण रवैये के विरुद्ध अपनी आवाज को और अधिक मजबूती से उठाएँ, ताकि पेंशनरों के हितों से जुड़े मुद्दे प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुँच सकें।


बैठक में अगली मासिक बैठक की तिथि 8 मई 2026 निर्धारित की गई। इस अवसर पर लीला शंकर शर्मा, रत्न सिंह कंवर, रमेश कुमार वर्मा, नरदेव शर्मा, लेखराम पाल, कामेश्वर गुप्ता, नवनीत गुप्ता, श्याम गुप्ता, सुरेंद्र कुमार शर्मा, जीत राम पाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page