ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज । होम गार्ड्स वेलफेयर एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश ने राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए “होम गार्ड वालंटियर मैनेजमेंट सिस्टम” का स्वागत करते हुए इसे होम गार्ड स्वयंसेवकों के हित में महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला कदम बताया है। एसोसिएशन का कहना है कि इस डिजिटल पहल से ड्यूटी वितरण, ट्रेनिंग, छुट्टी और तैनाती जैसी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी और स्वयंसेवकों के बीच विश्वास भी मजबूत होगा।

एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चौहड़िया ने कहा कि होम गार्ड स्वयंसेवक लंबे समय से पारदर्शी और न्यायसंगत ड्यूटी वितरण की मांग उठाते रहे हैं। ऐसे में यह पहल उनकी मांगों की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रणाली को पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है तो प्रशिक्षित होम गार्ड स्वयंसेवकों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और लंबे समय से चली आ रही असमान ड्यूटी वितरण की समस्या का समाधान भी संभव हो सकेगा।

उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु, डीजी होम गार्ड्स हिमाचल प्रदेश और विभाग की पूरी टीम का आभार भी व्यक्त किया। एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी होम गार्ड स्वयंसेवकों से नई प्रणाली के सफल क्रियान्वयन में विभाग का पूरा सहयोग करने और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।
उधर, एसोसिएशन ने इस अवसर पर सरकार के समक्ष कुछ अहम मांगें भी रखी हैं। संगठन ने मांग की है कि सरकार स्पष्ट नीति बनाकर 365 दिनों की नियमित ड्यूटी व्यवस्था, ईपीएफ लाभ और अन्य अनुमन्य भत्तों को प्रभावी रूप से लागू करे, ताकि होम गार्ड स्वयंसेवकों को स्थिरता, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिल सकें।

एसोसिएशन के लीगल एडवाइज़र अभय कांत मिश्रा ने कहा कि यह पहल केवल प्रशासनिक पारदर्शिता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में नीतिगत निर्णयों को अधिक तार्किक और डेटा आधारित बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में आगे बढ़ते हुए स्वयंसेवकों के हितों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी।


