ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- एनएच-205 शिमला-मनाली हाईवे पर चमाकड़ी स्थित पंचवटी होटल के समीप रविवार दोपहर बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे, जबकि कार में सवार दो लोगों को चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर 3:30 बजे भराड़ीघाट की तरफ से हिमाचल पथ परिवहन निगम की जंजैहली-शिमला रूट की बस शिमला की ओर जा रही थी। इसी दौरान चमाकड़ी की ओर से पंचवटी होटल के समीप मोड़ पर तेज गति से आ रही एक कार बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार दो लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसी दौरान उच्च अधिकारियों का सरकारी काफिला वहां से गुजर रहा था। काफिले में चल रहे एस्कॉर्ट वाहन की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाया और यातायात को बहाल किया।

