ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सीमेंट उद्योग माइनिंग प्रभावित मंच के बैनर तले मांगू पंचायत में चल रहा शांतिपूर्ण धरना रविवार को 101वें दिन में प्रवेश कर गया। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने मांगू गांव के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में अंबुजा-अदानी सीमेंट द्वारा की गई भारी ब्लास्टिंग पर चिंता जताते हुए प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे क्षेत्र में तेज ब्लास्टिंग हुई, जिससे आसपास के गांवों में धूल का गुबार फैल गया। इस संबंध में मांगू गांव निवासी राकेश कुमार ने पुलिस थाना दाड़लाघाट में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और राकेश कुमार की जमीन के पास उनका बयान दर्ज किया।
इसी मामले को लेकर मांगू पंचायत निवासी संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय देवी राम ठाकुर ने भी पुलिस थाना दाड़लाघाट को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। अपनी शिकायत में संदीप कुमार ने बताया कि ब्लास्टिंग के समय वह अपने घर पर मौजूद थे और तेज धमाके से उनका घर हिल गया, जिससे घर में पहले से मौजूद दरारें और चौड़ी हो गईं। उन्होंने कहा कि इस तरह की खतरनाक ब्लास्टिंग से उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच करने, घर को हुए नुकसान का निरीक्षण करवाने और भविष्य में इस प्रकार की ब्लास्टिंग से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संदीप कुमार ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह इस संबंध में फोटो, वीडियो और अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराने को तैयार हैं।

धरना स्थल पर मौजूद सीमेंट उद्योग माइनिंग प्रभावित मंच के सचिव धीरज ठाकुर ने बताया कि 6 दिसंबर 2025 को घमारू गांव में हुई कथित खतरनाक ब्लास्टिंग के मामले में भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से अवैध ब्लास्टिंग, घरों में पड़ रही दरारों और खेतों को हो रहे नुकसान को लेकर शिकायतें करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मांगू और घमारू क्षेत्र में हो रही ब्लास्टिंग की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।

