ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अंबुजा अडानी सीमेंट उद्योग दाड़लाघाट में सुरक्षा सप्ताह के उपलक्ष्य पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 के सुरक्षा सप्ताह का थीम “उन्नत सुरक्षा के लिए लोगों को संलग्न करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रखा गया है।

उद्योग प्रबंधन के अनुसार सुरक्षा केवल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी, शिक्षा और कौशल विकास पर आधारित है। कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देना, हादसों को रोकना तथा उद्योग में कार्य करने वाले सभी श्रमिकों और कर्मचारियों को सक्षम बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करने के लिए यूनियन, कर्मचारी, उद्योग और सरकार के सामूहिक प्रयास जारी हैं।

बताया गया कि सरकार द्वारा समय-समय पर सुरक्षा के लिए कई कानून बनाए गए हैं। कारखाना अधिनियम 1948 के अंतर्गत 1976 और 1987 में कई नियम जोड़े गए, जिनके अनुसार सुरक्षा कमेटी में कर्मचारियों और प्रबंधन के बराबर सदस्य शामिल होते हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण और नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान उद्योग में कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस वर्ष का सड़क सुरक्षा संदेश “सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें” दिया गया है।

सुरक्षा दिवस हर वर्ष 4 मार्च से 10 मार्च तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य उद्योगों में दुर्घटनाओं को शून्य करना और कर्मचारियों व समाज को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि देश को सुरक्षित और सक्षम बनाया जा सके।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में इकाई प्रमुख संदीप सीरा, तकनीकी प्रमुख दीपक बारड, उत्पादन विभाग प्रमुख सौरभ मोदी, मानव संसाधन विभाग प्रमुख पदमनाभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया और बताया कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता से कार्यस्थल के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आता है।


