ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस हाईकमान ने कांगड़ा जिला के बैजनाथ क्षेत्र से संबंध रखने वाले और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी की इस घोषणा ने कई राजनीतिक जानकारों को चौंका दिया है, क्योंकि दूर-दूर तक अनुराग शर्मा का नाम संभावित उम्मीदवारों की चर्चा में नहीं था। ऐसे में कांग्रेस द्वारा उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने को एक अप्रत्याशित फैसला माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अनुराग शर्मा आज विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री विधानसभा परिसर में ही कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
अनुराग शर्मा मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा वे बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का आयोजन कराती है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही है कि अनुराग शर्मा पहले पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के भी करीबी रहे हैं, हालांकि सुधीर शर्मा अब भाजपा से विधायक हैं।

गौरतलब है कि भाजपा से राज्यसभा सांसद इंद्र गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। ऐसे में उससे पहले नए राज्यसभा सदस्य का चुनाव होना है। आज नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि कल उनकी जांच की जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा।




