20 मार्च से रोस्टर पर काम, 31 तक होगा अंतिम रूप
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार ने सभी उपायुक्तों को रोस्टर प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार 20 मार्च से जिलों में पंचायतों के लिए आरक्षण रोस्टर तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 30 मार्च तक इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 31 मार्च को उपायुक्त अपने-अपने जिलों के पंचायतीराज संस्थाओं का रोस्टर जारी करेंगे।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि नई गठित पंचायतों तथा पुनर्सीमांकन से प्रभावित पंचायतों में आरक्षण का निर्धारण तय नियमों के तहत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों से प्राप्त जनसंख्या के आंकड़ों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला वर्ग के अनुपात को आधार बनाया जाएगा। उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

प्रदेश में गठित की गई 84 नई पंचायतों की अधिसूचना भी अगले दो दिनों में जारी होने की संभावना है। नई पंचायतों के गठन और सीमाओं में बदलाव के चलते रोस्टर निर्धारण की प्रक्रिया को और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश में 31 मई से पहले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत के आदेश के बाद राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव तैयारियों में तेजी ला दी है। रोस्टर फाइनल होने के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का रास्ता साफ हो जाएगा और माना जा रहा है कि अप्रैल के मध्य तक चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक अधिसूचना जारी हो सकती है।


