ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– अर्की।उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सानन के सेरी सेरला गांव से संबंध रखने वाले सुरेंद्र गौतम द्वारा लिखित वैदिक गणित पर आधारित पुस्तक का विमोचन विधायक संजय अवस्थी ने किया।

विमोचन अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने लेखक की सराहना करते हुए कहा कि वैदिक गणित जैसी प्राचीन भारतीय पद्धति न केवल गणना को सरल बनाती है, बल्कि विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

यह पुस्तक विद्यार्थियों को गणित विषय को सहज और रुचिकर तरीके से समझाने के उद्देश्य से तैयार की गई है तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।
लेखक सुरेंद्र गौतम ने अपनी कृति को अपनी माता सत्या शर्मा को समर्पित करते हुए बताया कि पुस्तक विद्यार्थियों में गणित के प्रति भय को दूर करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मार्गदर्शक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। सभी ने लेखक को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए पुस्तक की सफलता की कामना की।



